नई दिल्ली: नारायणा इलाके में 15 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता की तबीयत गर्भपात के दौरान खराब हो गई. उसे दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
लोकलाज के डर से परिजनों ने किशोरी का गर्भपात कराया था. उनसे उस स्थान के बारे में पूछताछ की जा रही है, जहां उन्होंने असुरक्षित गर्भपात कराया. पुलिस ने गैरइरादतन हत्या, दुष्कर्म, साक्ष्य छुपाने, पोक्सो सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. परिजनों को हिरासत में गर्भपात कराने और साक्ष्य छुपाने के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, नारायणा इलाके में परिजनों के साथ रहने वाली किशोरी स्कूल नहीं जाती थी. उसके पिता एक फैक्टरी में काम करते हैं. जिस मकान में किशोरी रहती थी, उसी में आरोपी भी किराएदार था. किशोरी को बहला-फुसलाकर उसने दुष्कर्म किया. परिजनों ने आरोपी को समझाया, लेकिन वह नहीं माना. इसी बीच किशोरी गर्भवती हो गई.
उसने अपने परिजनों को इस बारे में नहीं बताया. उसने आरोपी को इसकी जानकारी दी तो उसने कमरा बदल लिया. इधर, पता चलने पर परिजनों ने किशोरी का गर्भपात करा दिया. इससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई.
परिजन शुक्रवार रात उसे लेकर दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचे और भर्ती कराया. वहां देर रात किशोरी ने दम तोड़ दिया. अस्पताल ने पुलिस को घटना की जानकारी दी.

