सबके सहयोग से प्रभावी बनेगा प्लाज्मा डोनेशन अभियान
रांची . मिशन प्रतिरक्षक : द सेवियर्स” के तहत रांची में प्लाज्मा डोनेशन के अभियान को और भी प्रभावी बनाया जा रहा है. इसके लिए अभियान में स्थानीय प्रशासन, जिला पुलिस, रिम्स प्रबंधन, ब्लड बैंक, पैरामिलिट्री बल, गैर सरकारी संगठनों, मीडिया और आम लोगों का सामूहिक सहयोग रहेगा. मुहिम के तहत समुचित प्रचार प्रसार किया जा रहा है ताकि स्वेच्छा से कोरोना विजेता लोग यानि कोरोना से पूर्णतया ठीक हो चुके लोग नियमानुसार प्लाज्मा दान करने को प्रोत्साहित हों. फलस्वरूप संग्रहीत प्लाजमा का उपयोग कर प्लाज्मा थेरेपी के माध्यम से दूसरे कोरोना संक्रमित लोगों का उपचार किया जा सके .
इस जागरुकता अभियान का नोडल पदाधिकारी डिप्टी कलेक्टर संजय कुमार को बनाया गया है . उक्त कार्यक्रम अनुमंडल पदाधिकारी बुंडू, उत्कर्ष गुप्ता तथा एडीएम विधि व्यवस्था अखिलेश कुमार सिन्हा की देखरेख में चलाया जा रहा है. अभियान में सु स्मिता तथा समाज सेवी अतुल गेरा की सक्रिय भूमिका है.
शुक्रवार को डोनेशन से मिली 11 डोज प्लाज्मा तथा 6 संक्रमितों हेतु उपलब्ध भी कराई गई प्लाज्मा
शुक्रवार को कुल 7 कोरोना विजेताओं ने प्लाज्मा दान किया जिसमें 3 होल ब्लड तथा चार एफरेसिस प्रणाली वाले डोनेशन शामिल हैं. इस तरह से शुक्रवार को कुल 11 डोज प्लाज्मा प्राप्त हो सकी. जबकि 6 कोरोना संक्रमितों को उनके संबंधित ब्लड ग्रुप की प्लाज्मा उपलब्ध कराई गई.
प्लाज्मा डोनर्स को प्रशस्ति-पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर किया जा रहा सम्मानित
प्लाज्मा डोनेट करने वाले लोगों को इस आशय का प्रशस्ति पत्र तथा प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित करते हुए प्रोत्साहित किया जा रहा है. इतना ही नहीं डोनर्स की सहमति प्राप्त कर उनके चित्र सार्वजनिक तौर से लगाए लगाए जाने की भी योजना है ताकि वे इस अभियान के ब्रांड एंबेसडर के रूप में दूसरों को प्रेरित कर सकें.
अभियान की सफलता हेतु सामूहिक सहयोग जरूरी
उत्कर्ष गुप्ता ने कहा कि प्लाजमा डोनेशन अभियान को सफल बनाने के लिए व्यवहारात्मक जन जागरुकता की आवश्यकता है. ताकि कोरोना से ठीक हुए लोग स्वप्रेरणा से प्लाज्मा दान करने हेतु आगे आएं, इसके लिए सभी के सामूहिक सहयोग की आवश्यकता है.

