नई दिल्लीः भारतीय बल्लेबाज मयंक अग्रवाल के एक ट्वीट की वजह से यूजर्स उन्हें ट्रोल कर रहे हैं. मयंक ने अपने साथी क्रिकेटर जसप्रीत बुमराह को शादी की बधाई देते हुए ट्विटर पर संजना की जगह गलती से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बैटिंग कोच संजय बांगड़ को टैग कर दिया था. लेकिन मयंक को जैसे ही अपनी गलती का अहसास हुआ उन्होंने उस ट्वीट को तुरन्त डिलीट कर दिया, फिर भी कुछ यूजर्स ने ट्वीट देख लिया और फिर उन्होंने मयंक को ट्रोल करना शुरू कर दिया. वहीं मयंक ने पुराना ट्वीट डिलीट करके नया ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने बुमराह और संजना के स्वास्थ्य और खुशी की कामना की है.
वहीं जसप्रीत ने ट्विटर पर अपनी शादी की तस्वीरें साझा की थीं. तस्वीरों में देखा जा सकता है कि समारोह को रीति रिवाज के अनुसार आयोजित किया गया था. वहीं इनकी शादी की थीम गुलाबी नजर आ रही है. तस्वीरें से पता चल रहा है कि दूल्हे ने हल्के गुलाबी रंग की शेरवानी पहनी थी जिसे उसी रंग के चूड़ीदार पायजामा के साथ तैयार किया गया था. लुक को पूरा करने के लिए उन्होंने एक ही शेड का भारी कढ़ाई वाला स्टोल पहना था. वहीं संजना ने एक फ्लोरल प्रिंट पिंक लहंगा पहना था जिसमें वो काफी खूबसूरत दिख रही थीं.
शादी की तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए जसप्रीत ने एक प्यार भरा कैप्शन लिखा ‘प्यार अगर ये आपको योग्य लगता है, तो आपके पाठ्यक्रम को निर्देशित करता है’. वहीं संजना ने भी अपने सोशल मीडिया परिवार के साथ फ़ोटो का एक ही सेट साझा किया है और उसी कैप्शन का इस्तेमाल किया.

