गुरुवार को बाढ न्यायिक दंडाधिकारी कुमार माधवेंद्र की अदालत में पंडारक पुलिस ने मोकामा विधायक अनंत सिंह के वॉयस सैंपल की फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट पेश की। जब कोर्ट ने सीलबंद लिफाफे को खोलकर जांच रिपोर्ट देखा तो विधायक का वॉयस सैंपल वायरल ऑडियो से मैच मिला। पुलिस इस मामले में दोबारा विधायक अनंत सिंह और लल्लू मुखिया को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। पंडारक थानेदार रमन वशिष्ट ने इसकी पुष्टि की है।
हत्या की सुपारी देने के ऑडियो के इस मामले में पुलिस ने अनंत सिंह को आवाज का सैंपल लेने के लिए पटना स्थित फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) में बुलाया। एक अगस्त को तय दिन अनंत सिंह पुलिस मुख्यालय स्थित एफएसएल पहुंचे। बताया जाता है कि वहां उनकी आवाज ऑडियो की आवाज से मिल गई। इसके बाद फाइनल रिपोर्ट के लिए आवाज के सैंपल की फोरेंसिक जांच की गई। एफएसएल ने यह रिपोर्ट लाल रंग के सीलबंद लिफाफे में बुधवार को 35 दिनों के बाद पुलिस काे सौंप दी। पुलिस ने उसे गुरुवार को पटना के बाढ़ कोर्ट (Barh Court) में पेश किया।

