-
मनरेगा मजदूरों की दर बढ़ाकर 300 रुपये किया गया
रांची: ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान बताया कि विभाग की ओर से राज्य के सभी पंचायतों में दीदी किचन के माध्यम से लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है.
हालांकि, इसकी संख्या में बढ़ोत्तरी को लेकर भी कुछ सुझाव और मांग आ रही है, सरकार इस पर अमल करेगी. इस मौके पर कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह ने गर्मी के मद्देनजर सभी पंचायतों में एक-एक चापाकल की व्यवस्था करने को लेकर भी आवश्यक पहल करने का सुझाव दिया.
ग्रामीण विकास मंत्री की ओर से कांग्रेस प्रभारी को यह भी जानकारी दी कि मनरेगा मजदूरों की मजदूरी दर को बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है और हर ग्रामीण क्षेत्र में मनरेगा योजनाओं का क्रियान्वयन हो, इसके लिए सभी जिलों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिये गये है.
20 अप्रैल से राज्यभर में मनरेगा का काम शुरू हो जाएगा. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि लॉकडाउन के बाद लाखों लोग राज्य के विभिन्न हिस्सों से वापस लौटेंगे.
उन्हें क्वारंटाइन सेंटर में रखने और खाने-पीने के लिए आवश्यक इंतजाम किये जा रहे है. उन्होंने यह भी मांग की है कि एआईसीसी लॉकडाउन मेंं बाहर में फंसे प्रवासी श्रमिकों की मदद पहुंचाये.
इस मौके पर विधायक इरफान अंसारी, राजेंद्र प्रसाद सिंह, प्रदीप यादव समेत अन्य विधायकों ने भी अपनी बात कांग्रेस प्रभारी के समक्ष रखी.

