रांची: भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व विधायक रामकुमार पाहन ने कहा कि हेमंत सरकार में आदिवासियों की मॉब लिंचिंग हो रही है.
इस सरकार में अपराधियों का मनोबल सिर चढ़कर बोल रहा है. आदिवासी समाज में असुरक्षा की भावना घर कर रही है. सरकार गठन के साथ ही जिस प्रकार से आदिवासियों की हत्या हो रही है, वह राज्य के लिये चिंता का विषय है.
पाहन ने कहा कि यह सरकार आदिवासियों के हितैसी होने का ढोंग कर रही है. राज्य कोरोना संकट से जूझ रहा है, गरीब भूख से मर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि सरकार की प्रशासनिक विफलता का ही परिणाम है कि सैकड़ों की संख्या में हथियारों से लैश अपराधी घरों में घुसकर बोलबा उरांव सहित परिवार के अन्य लोगो को बुरी तरह जख्मी करते है, जिसमें बोलबा उरांव की मौत हो जाती है.
पाहन ने कहा कि पिछली सरकार में एक चोर की पिटाई से हुई मौत पर हल्ला मचाने वाले लोग आज आदिवासियों की हत्या पर मौन साधकर बैठे हैं. यही कांग्रेस, झामुमो, राजद, वामपंथियों का दोहरा चरित्र है.
उन्होंने बोलबा उरांव के हत्यारों कठोर सजा दिलाने की मांग की.

