खनन क्षेत्रों के हैवी मशीन और औद्योगिक कंपनियों को डीजल आपूर्ति की परेशानी अब होगी दूर
रांची: इन दिनों होम डिलीवरी का प्रचलन बढ़ता जा रहा है. आज रोजमर्रा की हर आवश्यक वस्तुओं के होम डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध है. इसी को ध्यान में रखते हुए भारत पेट्रोलियम ने डीजल जैसी आवश्यक चीज को ऑन द स्पॉट उपलब्ध कराने की दिशा में एक अनोखी पहल की है. झारखंड में इसकी शुरुआत राजधानी रांची के राजेंद्र पेट्रो जोन से कर दी गई है.
भारत पेट्रोलियम द्वारा खास तौर पर डिजाइन की गई इस चलंत पेट्रोल पंप को पेट्रोल पंप ऑन व्हील भी कहा जा सकता है. इसमें वह हर सुविधा उपलब्ध है जो एक पेट्रोल पंप में होती है. भारत पेट्रोलियम के झारखंड बिहार प्रभारी नितिन सेलुकर बताते हैं कि यह फुली ऑटोमेटेड सिस्टम है इससे औद्योगिक और हैवी अर्थमूवर ग्राहकों को काफी फायदा होगा. खनन क्षेत्रों में काम में आने वाली हैवी मशीन, जिसे पेट्रोल पंप तक नहीं लाया जा सकता, उन सारी मशीनों तक अब आसानी से डीजल की आपूर्ति संभव हो पाएगी.
राजेंद्र पेट्रो जोन के संचालक लाल कुशवाहा धवज नाथ शाहदेव कहते हैं कि यह फ्यूल कार्ट ग्राहकों की सुविधा के लिए खास तौर पर डिजाइन की गई है. इसमें सुरक्षा मानकों पर खास ध्यान दिया गया है. उन्होंने बताया कि जेनरेटर से होने वाले डीजल के रिसाव से बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है, अभी हाल ही में मुंबई में जेनरेटर से डीजल रिसाव के कारण ही बड़ी दुर्घटना हुई थी, चलंत पेट्रोल पंप में सुरक्षा मानकों का ध्यान रखकर ऐसी किसी भी दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सकता है.
दक्षिण छोटानागपुर पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष राजहंस मिश्रा कहते हैं कि प्राकृतिक आपदा एवं विपरीत परिस्थितियों में कंपनी की यह पहल काफी लाभकारी साबित होगी. प्राकृतिक आपदा में जब सड़क और आवागमन बंद हो जाता है, तो इसके माध्यम से संबंधित क्षेत्र तक डीजल की आपूर्ति संभव है.
ऑनलाइन मार्केटिंग और होम डिलीवरी के इस दौर में, भारत पेट्रोलियम का यह फ्यूल कार्ट, निश्चय ही बड़े डीजल उपभोक्ताओं के लिए राहत पहुंचाने वाली खबर है.

