रांची:- झारखंड अधिविद्य परिषद, जैक द्वारा आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए 25-30 अप्रैल तक मॉक टेस्ट होगा. सभी स्कूलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए मॉक टेस्ट आयोजित किया जाएगा. इसके लिए प्रश्न पत्र झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा तैयार किये जाएंगे. बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम में सुधार को लेकर आयोजित वेबिनार में इसकी जानकारी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) को दी गई. माध्यमिक शिक्षा निदेशक हर्ष मंगला ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं के लिए विद्यार्थी को कैसे तैयार
करें, यह महत्वपूर्ण है. परीक्षाओं में बच्चों के मनोबल को ऊंचा रखने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण स्कूलों के बंद रहने के बावजूद कम समय में सिलेबस पूरा करने की चुनौती शिक्षकों के कारण पूरी हुई. अब सभी विद्यार्थियों को परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक सभी सामग्री पहुंच जाएं. इसे सुनिश्चित करने की जरूरत है. उन्होंने शेष समय में विद्यार्थियों द्वारा पढ़ी गई सामग्री का अभ्यास कराने पर जोर दिया. कहा कि इस समय को अभ्यास करने तथा रिवीजन में लगाने से बच्चे बेहतर स्कोर कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए कि बच्चों के परीक्षा परिणाम असंतोषजनक होने पर कोरोना का बहाना बनाया जाए. उन्होंने सभी विद्यार्थियों के बीच मॉडल प्रश्न पत्र अनिवार्य रूप से पहुंचाने तथा उन प्रश्नों को हल करने में शिक्षकों द्वारा हल किए जाने पर भी जोर दिया .

