नई दिल्ली: कांग्रेस ने एक बार फिर मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने आरोप लगाया कि सरकार पेट्रोल और डीजल पर अधिकतम टैक्स लगाकर अपना खजाना भर रही है और बोझ आम लोगों पर पड़ रहा है. टैक्स बढ़ाकर पांच मार्च से अब तक सरकार ढ़ाई लाख करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है, जिससे मंहगाई बढ़ गई है.
कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें गिर गई हैं और 15 साल में सबसे निचले स्तर पर हैं, फिर भी पेट्रोल और डीजल की कीमतें आसमान छू रही हैं और इसका सीधा असर लोगों पर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को कच्चे तेल की कम कीमतों का लाभ देने के बजाय, 13 जून को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में सातवीं बार बढ़ोतरी की गई है.
उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण सरकार ने पिछले छह दिनों में 44,000 करोड़ रुपये की कमाई की है. 5 मार्च से, सरकार ने पेट्रोल, डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से 2.5 लाख करोड़ रुपये की कमाई की है. सरकार लगातार पेट्रोलियम उत्पादों के दाम बढ़ा रही है क्योंकि उसके पास राजस्व का कोई दूसरा साधन नहीं है.
सिब्बल ने कहा, ‘अगर सरकार में आम लोगों के लिए थोड़ी भी भावना होती तो वह दाम घटाकर कंपनियों को फायदा पहुंचाने के बजाय आम लोगों की मदद करती.’
रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि बढ़ोतरी का मतलब है कि केंद्र सरकार पेट्रोल के बेस प्राइस पर 270 फीसदी और डीजल के मामले में 256 फीसदी टैक्स वसूल रही है.

