नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी.शर्मा ओली ने संयुक्त रूप से मंगलवार को मोतिहारी-अमलेखगंज (नेपाल) पेट्रोलियम पाइपलाइन का वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए उद्घाटन किया. यह दक्षिण एशिया में पहली सीमा पार पेट्रोलियम पाइपलाइन है. इससे नेपाल को पर्यावरण अनुकूल पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति सुनिश्चित होगी. इस पाइपलाइन की लंबाई 69 किलीमीटर है.
इसे 350 करोड़ रुपये की लागत से एक साल में बनाया गया है. इसकी पूरी लागत को भारतीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (पीएसयू) इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन द्वारा वहन किया गया है.
मोदी ने परियोजना को ‘द्विपक्षीय संबंधों का प्रतीक’ बताया.
उन्होंने दोहराया कि इससे क्षेत्र में सुरक्षा को बढ़ाने में मदद मिलेगी और ‘पारगमन लागत में काफी हद तक कमी आएगी.’
इस मौके पर मोदी ने 2015 में नेपाल में आए विनाशकारी भूकंप को याद किया, और इस पर खुशी जताई कि उसके बाद कैसे हिमालयी राष्ट्र आगे बढ़ा है.
उन्होंने नेपाल के विकास कार्यो में सहायता करने की भारत की प्रतिबद्धता भी दोहराई.

