दिल्ली: देश में पिछले दिनों आए चक्रवात के बाद अब फिर से गर्मी ने तेवर दिखाए हैं और दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश के अलावा कई राज्यों में पारा फिर से बढ़ने लगा है. दिल्ली में तो यह 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है और इस बीच खबर है कि दक्षिण पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले 24 घंटों में कई राज्यों में दस्तक दे सकता है. मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून मध्य और उत्तरी बंगाल की खाड़ी की तरफ बढ़ रहा है. इसके चलते अगले 24 घंटों में कई राज्यों में मानसून की पहली बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के अनुसार, मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल हैं और यह अगले 24 से 48 घंटों में मध्य अरब सागर, गोवा, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, कर्नाटक और रायलसीमा के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, तटीय आंध्र प्रदेश के अलावा मध्य और उत्तरी बंगाल की खाड़ी में पहुंच सकता है.
मध्य भारत की बात करें तो ओडिशा और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में इस सप्ताह मानसून दस्तक दे सकता है. अगले 24 घंटों में महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, कोंकण, गोवा में मानसून दस्तक दे सकता है और 12-14 जून के बीच इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना है. वहीं गुजरात के भी अधिकांश हिस्सों में इन दिनों बारिश हो सकती है. राज्य के वापी, भरूच और दक्षिणी गुजरात में इस हफ्ते ही मानसून दस्तक दे सकता है.
इसके अलावा पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में भी 10 से 14 जून के बीच बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण बारिश हो सकती है. संभावना है कि इस दौरान पटना, रांची और कोलकाता में मानसून दस्तक दे दे.

