नई दिल्ली: देश में कोरोना महामारी का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है. ऐसे में अगले महीने से शुरू होने जा रहे संसद के मानसून सत्र को लेकर सरकार ने कमर कस ली है. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि वे सत्र से 72 घंटे पहले सभी सांसदों को अपना कोरोना टेस्ट कराने को कहेंगे.
इस साल मानसून सत्र 14 सितंबर से शुरू होने जा रहा है, जो 1 अक्टूबर तक चलेगा. ऐसा माना जा रह है कि इस बार मानसून सत्र दो शिफ्ट में हो सकता है. जिसमें एक शिफ्ट सुबह और एक शाम को हो सकती है. कोरोना संकट को ध्यान में रखते हुए इस बार के सत्र में कई अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
इसके अलावा सत्र के दौरान संसद में दाखिल होने से पहले थर्मल गन और थर्मल स्कैनर से टेम्परेचर की जांच की जाएगी. समय पर पूरे संसद परिसर को सैनिटाइज किया जाएगा.
इसके अलावा यहां निर्धारित दूरी पर करीब 40 टचलैस सैनिटाइजर की व्यवस्था की जाएगी. परिसर में कोरोना संक्रमण से बचाव के सभी नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा.

