मुंबई: मुंबई में एक मां ने अपनी 23 साल की बेटी की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी. आरोपी मां अपनी बेटी के प्रेम संबंध पर नाराज थी. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि 40 वर्षीय आरोपी पी वघेला ने अपनी बेटी निर्मला अशोक वघेला की एक दुपट्टे की मदद से गला घोट कर हत्या कर दी.
इस घटना को आरोपी ने अपने पाइधोनी स्थित घर पर अंजाम दिया. पुलिस के अनुसार आरोपी एक व्यक्ति के साथ अपनी बेटी का प्रेम संबंध होने से नाराज थी. पुलिस अधिकारी ने बताया कि निर्मला अपने प्रेमी के साथ भागने वाली थी लेकिन उसकी मां ने उसे पकड़ लिया.
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘रविवार को निर्मला अपने प्रेमी के साथ भागने के लिए सामान बांध रही थी. इस दौरान उसकी बहस मां के साथ हुई. जिसके बाद मां ने बेटी की गला घोंट कर हत्या कर दी. फिर खुद ही पुलिस के पास जाकर अपना अपराध स्वीकार कर लिया.’
पुलिस का कहना है कि उन्होंने भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. उन्होंने कहा, ‘हमने आरोपी को रविवार को ही गिरफ्तार कर लिया है.’

