गुस्साए लोगों ने किया सड़क जाम
चतरा: चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के करमा गांव स्थित तालाब से एक महिला के साथ दूधमुही बच्ची का शव बरामद हुआ है. जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान गांव के ही रंजीत यादव की पत्नी संजू देवी व उसकी एक वर्षीय बेटी प्रियांशु के रूप में की गई है.
हालांकि लोग इस मामले में दहेज हत्या की आशंका जता रहे हैं. इधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पाण्डेयपुरा- प्रतापपुर सड़क को जाम कर दिया. मौके पर पहुंचे एसडीपीओ अविनाश कुमार ने ग्रामीणों को समझाबुझाकर कर जाम को हटवाया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया.
मृतका के पिता महंगू यादव ने बताया कि 2 वर्ष पूर्व उनकी बेटी की शादी रंजीत यादव से हुई थी. शादी की बाद से लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था. घटना से 1 दिन पूर्व मृतका ने पति, ससुर और सास के द्वारा बेरहमी से मारपीट करने की बात बताई थी. दूसरे दिन घटना की जानकारी मायके वालों को मिली.
मृतका के पिता ने बताया कि इससे पूर्व भी कई बार मारपीट कर घायल कर दिया गया था. जिसके बाद पंचायत पहल के अनुसार संजू को ससुराल भेजा गया था. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. दोषियों के धरपकड़ में पुलिस जुटी हुई है. घटना के बाद से मायके वाले फरार हैं.

