सिमडेगा : लैम्पस घोटाले के दो आरोपी मां-बेटा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों की गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार को की गई है. सोमवार को उनके कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट निगिटिव आने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है. थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि लैम्पस गबन मामले की मुख्य आरोपी मेरी टोपनो और उनके पुत्र अनूप टोपनो को गिरफ्तार किया गया. दोनों माँ-बेटा हैं. थाना प्रभारी ने बताया कि मेरी टोपनो सिमडेगा लैम्पस की अध्यक्ष थीं.
इस मामले में उन्हें और उनके पुत्र को आरोपी बनाया गया था. इससे पूर्व रविवार को मामले के अन्य आरोपी शिवपूजन महतो, शंकर सिंह, जोहनेस बाड़ा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. बताया गया कि सिमडेगा लैम्पस में 2 करोड़ 35 लाख 19 हजार 920 रुपए के गबन से संबंधित आरोप में चल रहे मामले में पी डी जे कुमार कमल की अदालत ने नौ आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी. इस मामले में सदर थाना में सहायक निबंधक रामनाथ मांझी ने 15 अप्रैल 2019 को 6 लोगों पर नामजद मामला दर्ज कराया था. बताया गया कि मामले में 3 आरोपियों के घरों में कुर्की की जा चुकी है. मामले में अनुसंधान के क्रम में कुल 9 लोगों को आरोपी बनाया गया था. जिनकी हाई कोर्ट में भी जमानत याचिका खारिज हो चुकी है.

