बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के खुरहण्ड गांव में एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी की कथित रूप से हत्या करके उनकी लाश को खंडहर में दफना दिया. पुलिस ने शव बरामद कर महिला को गिरफ्तार कर लिया है. गिरवां थाना के प्रभारी निरीक्षक SHO शशि कुमार पांडेय ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को खुरहण्ड गांव में एक खंडहरनुमा जगह के गड्ढे में दफनाया गया करीब 15 साल की लड़की शिल्पी का शव बरामद किया गया है. उन्होंने कहा कि इस सिलसिले में लड़की की मां सरोज सिंह को गिरफ्तार किया गया है.
लड़की के चचेरे भाई भवानी सिंह द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के हवाले से पांडेय ने बताया कि महिला सरोज सिंह ने 30 अप्रैल की रात एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर अपनी बेटी शिल्पी की मारपीट कर हत्या करने के बाद शव गायब कर दिया था. पांडेय ने बताया कि इस सूचना पर महिला और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्जकर महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. उसकी निशानदेही पर गड्ढे में दफनाया गया शव बरामद कर लिया गया.
पांडेय के मुताबिक महिला ने बताया कि घटना के एक दिन पहले उसकी बेटी रात भर घर से गायब रही थी. इसी को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था. उन्होंने बताया कि इसके बाद महिला ने सोते समय दुपट्टे से अपनी बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव खंडहर में गड्ढा खोदकर दफना दिया था. उन्होंने बताया कि महिला का पति नोएडा में किसी निजी कंपनी में मजदूरी करता है और महिला यहां अपने 6 नाबालिग बच्चों के साथ रह रही है. वहीं, लड़की के कहीं प्रेम प्रसंग की बात भी कही जा रही है. बहरहाल, शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच की जा रही है.

