मोतिहारी: मोतिहारी जिले के पचपकड़ी ओपी क्षेत्र के सोरपनिया गांव के समीप शनिवार की रात सड़क जाम कर रहे कतिपय लोगों ने चिरैया विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण यादव की गाड़ी पर हमला बोल दिया.
घटना में पूर्व विधायक बाल बाल बचे मगर उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई. हमला में पूर्व विधायक, अंगरक्षक, चालक सहित चार लोगों को मामूली चोटें आईं हैं.
बताया जाता है कि किसी बाइक की ठोकर से मौत के बाद लोग वहां सड़क जाम किए हुए थे. इसी दौरान श्री यादव विधानसभा क्षेत्र के एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौटते हुए जब वहां पहुंचे तो आक्रोशित भीड़ ने ईट पत्थर से उनके वाहन पर हमला कर दिया.
किसी प्रकार मौके पर मौजूद पचपकड़ी ओपी की पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया. फिर विधायक को वहां से सुरक्षित निकलवाया. पूर्व विधायक ने सिकरहना डीएसपी को घटना की जानकारी दे दी है.

