दुमका: झारखंड में दुमका जिले के नगर थाना क्षेत्र में विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल उड़ाने वाले गिरोह के एक सदस्य को आज पुलिस ने दबोच लिया और पूर्व में चोरी गये पांच मोटरसाइकिल भी बरामद कर लिया है.
दुमका के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूज्य प्रकाश ने आज यहां बताया कि हाल के दिनों में नगर थाना व आसपास के क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी की घटना लोगों को परेशान कर रखा था.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक सह नगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित कर मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं की गहन छानबीन शुरू की गई.
इसी क्रम में आज पुलिस टीम ने प्रभात गश्ती के दौरान वाहन जांच के दौरान हाल में कचहरी परिसर से चोरी की गयी मोटरसाइकिल के साथ हंसडीहा थाना क्षेत्र के नोनीहाट निवासी बलराम भंडारी को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार अपराधी के निशान देही पर पर पुलिस टीम ने पूर्व में विभिन्न स्थानों से चुराई गयी और चार मोटरसाइकिल बरामद कर लिया.
प्रकाश ने बताया कि मोटरसाइकिल चोर गिरोह के मुख्य सरगना और गिरोह में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गयी है, जिसे शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा. उन्होंने बताया कि गिरोह के सरगना की गिरफ्तारी से चोरी गयी और मोटरसाइकिल के बरामद होने की उम्मीद है. मोटरसाकिल चोर गिरोह के गिरफ्तार अपराधी ने पुलिस के पास कई खुलासा किया है. इस पर पुलिस द्वारा सघन छानबीन व कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

