जमशेदपुर: चक्रधरपुर रेल मंडल के हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग के गोइलकेरा रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों को रोकने की मांग करते हुए आंदोलन शुरू हो गया है. बुधवार को नागरिक एकता मंच के आह्वान पर सैकड़ों लोगों ने रेल चक्का जाम कर दिया. सुबह 8.45 बजे स्टेशन में अनिश्चितकालीन रेल चक्का जाम शुरू किया गया.
नागरिक एकता मंच के अध्यक्ष लक्ष्मण मेलगांडी ने बताया कि कोरोना संक्रमण काल के बाद रेलवे की मनमानी के खिलाफ यह आंदोलन किया जा रहा है. गोइलकेरा में पहले जो एक्सप्रेस ट्रेनें रुकती थीं, उसका ठहराव हटा दिया गया है. इससे इलाके के हजारों लोग प्रभावित हुए हैं, जब तक लोगों की मांग पूरी नहीं हो जाती आंदोलन जारी रहेगा.
ग्रामीणों के आंदोलन से हावड़ा-मुम्बई मुख्य रेल मार्ग में ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया. इधर, डीसीएम आंदोलनकारियों से वार्ता के लिए गोइलकेरा पहुंचे, लेकिन उनसे वार्ता करने से इनकार कर दिया.
आंदोलनकारियों का कहना है कि डीआरएम या उनके समकक्ष अधिकारी से ही बातचीत की जाएगी. स्टेशन में आंदोलन को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. रेल सुरक्षा बल के साथ ही गोइलकेरा थाने के पुलिसकर्मियों को स्टेशन में तैनात किया गया है.

