खेलगांव में अविलम्ब आइसोलेशन सेंटर चालू करवाने का आग्रह
रांची:- रांची में कोरोना की विस्फोटक हो रही स्थिति और अस्पतालों में बेड की कमी को लेकर सांसद संजय सेठ ने केंद्रीय कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी से बात की. संजय सेठ ने उनसे आग्रह किया कि रांची का खेलगांव जिसकी देखरेख सीसीएल के द्वारा की जा रही है, यहां पर्याप्त स्थान है. उन्होंने मंत्री को बताया कि सीसीएल यहाँ पर बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर व अन्य आवश्यक संसाधन मुहैया करा सकता है. ऐसा करने से राँची की बड़ी आबादी को राहत भी मिलेगी और उनका समुचित उपचार भी हो सकेगा. संजय सेठ ने कहा कि उक्त कार्य सीसीएल के सीएसआर व अन्य मद के माध्यम से किया जा सकता है. प्रह्लाद जोशी ने उन्हें आश्वस्त किया कि इस मुद्दे पर वे शीघ्र ही सीएमडी से बात कर रहे हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय मंत्री ने सीसीएल के सीएमडी पी. एम. प्रसाद को इस दिशा में कार्य करने का निर्देश दिया. सीसीएल के सीएमडी ने सांसद श्री सेठ से बात कर इस पर विस्तृत चर्चा की और कहा कि इसके लिए राज्य सरकार की सहमति आवश्यक होगी.

