नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने रबी सीजन 2020 के दौरान किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में बढ़ोतरी करते हुए कुल 1.13 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है. यह पिछले साल के एमएसपी (MSP) भुगतान की तुलना में 31 प्रतिशत अधिक है.
कृषि मंत्रालय की ओर से बुधवार को आयोजित एक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने 721 कृषि विज्ञान केंद्रों के लगभग 5000 वैज्ञानिकों और प्रतिनिधियों को कृषि सुधार विधेयकों के संबंध में संबोधित करते हुए यह दावा किया कि केंद्र सरकार किसानों के हित में काम कर रही है.
कृषि राज्यमंत्री चौधरी ने सभी प्रतिनिधियों से आग्रह भी किया कि कृषि सुधार विधेयकों की वास्तविकता को अपने अपने क्षेत्र में स्थानीय भाषा में किसानों को बताएं.
कैलाश चौधरी ने जोर देते हुए कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीद पहले की तरह जारी रहेगी. चौधरी ने बताया कि वर्ष 2009-14 की तुलना में पिछले छह साल में दलहनी फसलों के लिए किसानों को एमएसपी भुगतान 75 गुना बढ़ा है. गत 5 साल में 645 करोड़ रुपये के मुकाबले 49000 करोड़ रुपये एमएसपी का भुगतान किया गया है.
इसी तरह वर्ष 2009-14 की तुलना में पिछले पांच वर्षों के दौरान तिलहन के किसानों के लिए एमएसपी भुगतान 10 गुना बढ़ा है. पिछले 5 साल में 2460 करोड़ रुपये के मुकाबले 25000 करोड़ रुपये एमएसपी भुगतान किया गया.

