रांची: कोरोना से बचाव के लिए किए गए देशव्यापी लाॅकडाउन के दौरान बेंगलुरु में फंसे बिहार और झारखंड के मजदूरों को रांचीवासी सोफ्टवेयर इंजीनियर व श्रीराम ग्लोबल स्कूल (व्हाइटफील्ड एरिया) के निदेशक मुकेश कुमार सिंह प्रतिदिन भोजन मुहैया करा रहे हैं.
इस संबंध में मुकेश सिंह ने बताया कि उक्त क्षेत्र में बिहार, झारखंड के मजदूर काफी संख्या में काम करते हैं. लाॅकडाउन होने के बाद मजदूर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान नहीं कर सके. ऐसे में उनके समक्ष भोजन की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है.
इसे देखते हुए मुकेश सिंह अपने सहयोगियों संग प्रतिदिन लगभग दो सौ मजदूरों को भोजन करा रहे हैं. उन्होंने कहा है कि लॉकडाउन की अवधि (तीन मई) तक मजदूरों को प्रतिदिन भोजन की व्यवस्था की जाएगी.
मजदूरों को अन्य किसी प्रकार की असुविधा ना हो, इसका भी ख्याल रखा जा रहा है. प्रशासनिक स्तर पर भी समन्वय स्थापित कर मजदूरों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.

