मुंबई: कोरोना की महामारी और चक्रवाती तूफान निसर्ग के थपेड़े से बेहाल देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में अब गैस लीकेज की घटना सामने आई है. मुंबई की एक फार्मा कंपनी में गैस लीक होने से हड़कंप मच गया. गैस लीक की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारी मौके पर पहुंच गए. बीएमसी के अनुसार गैस लीकेज की जांच जारी है.
घाटकोपर, पवई, विख्रोली और चेंबूर इलाकों के लोगों ने फोन कर कहा कि उनके इलाकों में गैस लीक हो गई है. आननफानन में इन इलाकों में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भेजी गईं. अभी तक यह पता नहीं चला है कि क्या सच में गैस लीक हुई या फिर इसके पीछे वजह क्या है.
मुंबई फायर ब्रिगेड ने कहा, ‘हमलोगों को मुंबई के कुछ इलाकों से गैस लीक की शिकायतें मिलीं. घाटकोपर, विख्रोली, पवई के अलावा बाद में पंतनगर इलाके में भी गैस लीक की शिकायतें मिलीं. टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और जांच की जा रही है. अभी तक बताए गए ठिकानों पर कोई गैस लीक नहीं हुई है.
लोगों को डरने की जरूरत नहीं
मुंबई फायर ब्रिगेड ने कहा है कि हमें मुंबई के कुछ इलाकों से गैस लीक की शिकायतें मिलीं हैं. विख्रोली, घाटकोपर, पवई में गैस लीक की शिकायतें मिलीं. फायर बिग्रेड की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और जांच कर रही है. बीएमसी ने इन इलाके के लोगों से कहा है कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है. फायर ब्रिगेड की 13 गाड़ियां मौके पर मौजूद है और सावधानी बरतने की जरूरत है. यदि आपको कुछ भी गंध लगे तो भीगे तौलिये या कपड़े से नाक को ढंक लें.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने ट्वीट कर कहा है कि हालात नियंत्रण में हैं. सभी संभव और जरूरी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है. उन्होंने भी लोगों से भयभीत नहीं होने की अपील करते हुए खिड़कियां और दरवाजे बंद कर लेने की सलाह दी.
गैस पाइलपाइन की भी जांच
महानगर गैस लिमिटेड के अधिकारियों ने कहा, ‘मुंबई के कई इलाकों से रात करीब 10 बजे गैस लीक की शिकायतें मिलीं. इमरजेंसी टीम उन इलाकों में पहुंच चुकी है. हमलोग पाइपलाइन सिस्टम को चेक कर रहे हैं और अभी तक कहीं से डैमेज या लीकेज की शिकायत नहीं मिली है.

