पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने मुंगेर में पुलिस लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया और प्रशासन पर जोरदार हमला किया. बिहार में जहां पहले चरण के लिए मतदान जारी है. वहीं पटना में महागठबंधन प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहा है. उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमर पर हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जो राज्य के गृह मंत्री भी हैं वो क्या कर रहे थे. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने इस मामले में ट्वीट के अलावा क्या किया. प्रेस कॉन्फ्रेंस में रणदीप सिंह सुरजेवाला, शक्ति सिंह गोहिल और वाम दलों के नेता मौजूद हैं.
तेजस्वी ने कहा कि वे इस मामले में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से पूछना चाहते हैं कि मुंगेर पुलिस को जनरल डायर बनने की अनुमति किसने दी? उन्होंने कहा कि मुंगेर में नौजवानों को पुलिस ने घेर-घेरकर पीटा, बेकसूरों पर लाठियां बरसाई गईं. बिहार सरकार को बताना चाहिए कि पुलिस को क्रूरतापूर्वक लाठियां चलाने की अनुमति किसने दी. तेजस्वी ने इस घटना की किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश से जांच कराने की मांग की है.
राजद नेता ने मुंगेर की एसपी लिपि सिंह को तत्काल हटाने की मांग की है. उन्होंन कहा कि लिपि सिंह एक जदयू नेता की बेटी हैं, उन्हें तत्काल हटाया जाना चाहिए.
वहीं दूसरी ओर राज्य में पहले चरण के लिए मतदान जारी है. राजय में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की रैली होगी. प्रधानमंत्री दरभंगा, मुजफ्फरपुर और राजधानी पटना में रैलियां करेंगे. इसकी जानकारी खुद उन्होंने ट्वीट के जरिए दी थी.

