मुंगेर : पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. मुंगेर पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह ने बताया कि तारापुर अनुमंडल के संग्रामपुर थाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान सात अपराधी गिरफ्तार किए गए हैं. इन अपराधियों ने लूट और छिनतई की कई वारदातों को अंजाम दिया था. गिरफ्तार किए गए अपराधियों के पास से एक मास्केट, एक देसी कट्टा और चार गोलियां और कई सामान भी बरामद हुई हैं. पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि संग्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कांवरिया पथ लौड़िया के पास कुछ संदिग्ध युवक जमा हैं।सूचना के बाद संग्रामपुर थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक नेयाज अहमद, हरेराम कुवर भगवान राम भी शामिल थे।संग्रामपुर थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई की।पुलिस को देखकर कुछ युवक भागने लगे।इस दौरान सात अपराधियों को हिरासत में लिया गया।तलाशी लेने पर उनके पास से हथियारों की बरामदगी हुई।पुलिस द्वारा मोहम्मद आरिफ, सुमित कुमार, मोहम्मद शोएब, बद्री यादव, दिलखुश कुमार, मोहम्मद अजमल और पतोरन पासवान को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अपराधियों ने पूछताछ के क्रम में लूट और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।इनकी निशानदेही पर दो मोटरसाइकिल,9 मोबाइल फोन, सीसीटीवी कैमरे का सेट, तथा दवाइयों से भरा एक थैला बरामद किया गया है। दवाइयों से भरे थैले के संबंध में गिरफ्तार अपराधियों ने बताया कि ग्रामीण चिकित्सक के साथ इन लोगों ने छिनतई की घटना को अंजाम दिया था।ग्रामीण चिकित्सक बाइक पर घूम कर इलाज करते थे।उनके साथ ही छिनतई की घटना हुई थी।गिरफ्तार अपराधियों ने तारापुर थाना क्षेत्र में भी लूट की वारदात को अंजाम दिए जाने की बात स्वीकार की है।पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए गिरोह के सदस्य कम उम्र के हैं तथा पिछले कुछ दिनों में इन्होंने कई वारदातों को अंजाम दिया था और यह गैंग मुंगेर के अलावा बांका, भागलपुर मे भी सक्रिय था ।गिरफ्तार अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

