रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी को मुंगेरीलाल करार दिया है. महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने कहा कि बाबूलाल मरांडी समेत भाजपा के अन्य जनाधार विहीन नेता हसीन सपने देखने में लीन रहते हैं.
उन्होंने कहा कि वे हर वक्त झारखंडी हितों के लिए काम कर रही हेमंत सरकार को गिराने का दिवास्वप्न देखते हैं. उनकी यह इच्छा कभी पूरी नहीं होगी. राज्य की जनता ने भाजपा को पहले ही नकार चुकी है. भाजपा धनबल और छल के सहारे सत्ता पर काबिज होने का सपना देख रही है.
ऐसा प्रतीत होता है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर भाजपा का विश्वास ही नहीं है. इनके नेता हमेशा सरकार गिराने और बनाने की बात करते हैं. कई राज्यों में उन्हें जोर का झटका लगा है. उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार के बेहतर कामकाज को देखते हुए भाजपा नेताओं की नींद उड़ गई है.
दुमका और बेरमो का उपचुनाव इसका प्रमाण है. उस समय भी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य नेताओं ने जनता को दिग्भ्रमित करने का असफल प्रयास किया था.

