रांची: झारखंड स्टेट बार कौंसिल के वाईस चेयरमैन और सुप्रसिद्ध वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार शुक्ल ने मंगलवार की देर रात अधिवक्ता प्रकाश यादव की जमशेदपुर के बिरसानगर में हुई निर्मम हत्या की कड़े शब्दों में निंदा किया है तथा कहा है कि ऐसी घटनाएं झारखंड के माथे पर कलंक है. अपराधियों द्वारा अधिवक्ता जगत को यह खुली चुनौती है.
शुक्ल ने कहा है कि झारखंड स्टेट बार कौंसिल लगातार राज्य में झारखंड अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग करती रही है, प्रारूप भी राज्य सरकार को कौंसिल ने सौंपा है जिस पर सरकार को कदम उठाना चाहिए तथा अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट शीघ्र लागू करना चाहिए.
शुक्ल ने कहा है कि आये दिन झारखंड में अधिवक्ताओं के साथ मारपीट, दुर्व्यवहार, और हत्या जैसी घटनाएं हो रही है यह चिंता का विषय है. अधिवक्ता यदि किसी का मुकदमा लड़ते है तो वे गुनाह नहीं करते वे अपना कर्तव्य करते है न्याय दिलाने का प्रयास करते है यदि उनके साथ ऐसी घटनाएं घटेंगी तो न्याय व्यवस्था में निर्भय होकर अधिवक्ता अपना दायित्व नहीं निभा सकते हैं.
शुक्ल ने कहा है झारखंड स्टेट बार कौंसिल इस मामले पर गंभीर है तथा जल्द ही राज्यपाल और मुख्यमंत्री से मिलकर राज्य में अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने तथा इस घटना की न्यायिक प्रक्रिया फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट से पूरा कराकर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का आग्रह करेंगे.
शुक्ल ने आज स्वर्गीय प्रकाश यादव के भाई दिनेश यादव और उनके परिजनों से मिलकर सांत्वना दी वही शुक्ल जिला व्यवहार न्यायालय में आन्दोलनरत अधिवक्ताओं से भी भेंट की तथा उन्हें आश्वासन दिया कि झारखंड स्टेट बार कौंसिल ऐसी घटना पर पूरी तरह गंभीर है तथा अधिवक्ताओं के हितों के साथ मजबूती से खड़ी है. सरकार ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कदम नहीं उठाएगी तो कौंसिल जल्द ही कोई आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेंगी.

