खूंटी: खूंटी उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिये गये निर्णय के आलोक में खूंटी नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी आशीष कुमार की अध्यक्षता में ऑटो चालक संघ के साथ बैठक की गई. बैठक में सड़क सुरक्षा के मद्देनजर सावधानियों पर विचार-विमर्श किया गया.
खूंटी नगर पंचायत क्षेत्रान्तर्गत 7 स्थानों पर ऑटो पार्किंग स्थल चिन्हित करने का निर्णय लिया गया. साथ ही विभिन्न मार्गों के लिए अलग-अलग स्टिकर का कलर कोडिंग किया गया. जिसमें
1. तोरपा रोड के लिए लाल रंग
2. रांची-नामकुम रोड के लिए पीला रंग
3. कर्रा रोड के लिए सफेद रंग
4. तमाड़-मरंगहादा रोड के लिए नीला रंग
5. मुरहू-बंदगांव रोड के लिए हरा रंग
6. दतिया रोड के लिए बैगनी एवं
7. पिपरा टोली-सिलादोन रोड के लिए गुलाबी रंग रखा गया है.
इस बात पर सभी ऑटो चालकों द्वारा सहमति प्रदान की गई. चालकों की मांग पर पार्किंग में सभी गाड़ी को नम्बर सिस्टम में लगाने एवं ऑटो पार्किंग के बाहर दो-दो की संख्या में नम्बर सिस्टम से ऑटो खड़ी करने की अनुमति प्रदान की गई. ई-रिक्शा के लिए निर्देश दिया गया कि वे केवल टाउन के बीच में दो से ढ़ाई किमी0 के अन्दर चलेंगे.
कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि ई-रिक्शा का परिचालन महत्वपूर्ण मार्गों में नहीं करने का आश्वासन ऑटो संघ को दिया गया. चालकों की मांग पर बाजार टांड़ स्थित पार्किंग में गाड़ी के आवागमन वाले रास्ते को दुरुस्त करने का आश्वासन कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा दिया गया. सभी चालकों को नगर पंचायत, खूंटी से पंजीकरण करने एवं बुनियादी लाभ देने का आश्वासन प्रदान किया गया.
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी, कनीय अभियंता, प्रधान सहायक, राजस्व निरीक्षक, कम्प्यूटर ऑपरेटर, नगर पंचायत, खूंटी एवं ऑटो चालक संघ के सदस्य उपस्थित थे.

