उत्कृष्ट विधायक चुने जाने के बाद बीएनएन भारत से खास बातचीत में कहा विधायक नलिन सोरेन ने
रांची: एक जनप्रतिनिधि की प्राथमिकता लोगों की सेवा होनी चाहिए. क्योंकि, आपको क्षेत्र की जनता इस उम्मीद के साथ चुनकर भेजती है कि उनकी समस्याओं को आप सुनेंगे, उसका निदान करेंगे. जनसेवा सबसे पहले. मैं अहले सुबह उठ जाता हूं. सारे काम से निवृत होकर छह बजे काठीकुंड अपने दफ्तर में हाजिर हो जाता हूं. यह कहना है शिकारीपाड़ा से सातवीं बार विधायक चुने गये झामुमो खेमे से विधायक नलिन सोरेन का.
सोरेन को विधानसभा समिति ने इस बार का उत्कृष्ट विधायक के तौर पर चुना है. इनका चयन बेहतर कार्य और आचरण के लिए हुआ है. सोरेन कहते हैं कि मेरा काम पूरे दिन चलता है. लोग आते हैं समस्याएं बताते हैं. कुछ जो मौके पर होने वाला होता है उसे हल करता हूं और जो मौके पर हल नहीं हो पाया उसे दूसरे दिन करता हूं.
सोरेन बताते हैं कि वो हर दिन छह बजे काठीकुंड अपने कार्यालय पहुंच जाते हैं. एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि जनता आपको काम की वजह से पहचानती है जानती है. अगर आप काम नहीं करेंगे तो जनता आप पर ध्यान नहीं देगी. जनता चाहती है कि उनका नेता उनके हर सुख-दु:ख में साथ रहे.
दूसरे दल के नेता कार्यकर्ताओं को भी सम्मान मिलता है:
विधायक नलिन सोरेन कहते हैं कि हमारे कार्य से दूसरे दल के नेता और कार्यकर्ता भी संतुष्ट रहते हैं. उनका भी काम प्राथमिकता के आधार पर होता है. हमारे क्षेत्र की जनता का हमेशा से प्यार मिला है. जनता का साथ मिला है. इसी का नतीजा है कि आज मुझे उत्कृष्ट विधायक के सम्मान से नवाजा गया हूं.

