रांची : योग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में चौथी राष्ट्रीय ऑनलाइन फेडरेशन योग स्पोर्ट्स कप में झारखंड के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण, एक रजत व तीन कांस्य पदक हासिल किया. जमशेदपुर के सुस्मित कुमार दास ने दोहरा स्वर्ण प्राप्त किया. उन्होनें सबजूनियर बालक 10-14 आयु वर्ग के आसन स्पर्द्वा एवं आट्रेस्टिक स्लो में स्वर्ण प्राप्त किया. वहीं अनुष्का कर्मकार ने भी जूनियर वर्ग आसन स्पर्द्वा में कांस्य व आट्रेस्टिक स्लो में स्वर्ण प्राप्त किया. अमित कुमार ने रजत, अंकिता शर्मा, कुमारी सृजन, भार्गवी मंडल ने कास्य पदक प्राप्त किया. इसके अलावा झारखंड के कई प्रतिभागियों ने अपने-अपने वर्गो में चतुर्थ से दशम स्थान प्राप्त किया. प्रतियोगिता सात आयु वर्गो में होगी. जिसमें 8 से 10, 10-14, 14-18, 18-25, 25-35, 35 से ऊपर तथा प्रोफेशनल (बालक-बालिका/ महिला-पुरुष) की प्रतियोगिता शामिल है. प्रतियोगिता में वेस्ट बंगाल की टीम ओवरआल चैम्पियन रही. आनलाइन प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के चयनित 434 प्रतिभागियों ने भाग लिया. समापन समारोह के मौके पर भारतीय ओलम्पिक संघ के कोषाध्यक्ष डा. ए पांडेय ने प्रतिभागियों को संबोधित किया. खिलाडि़यों के बीच फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक कुमार अग्रबाल एवं तकनीकी निदेशक इन्दु अग्रबाल ने संबोधित करते हुए परिणाम की घोषणा की तथा फेडरेशन के महासचिव संजय कुमार झा ने धन्यबाद ज्ञापन किया. झारखंड टीम की सफलता पर झारखंड योग संघ के सभी सदस्यों ने बधाई दी.


