रांची : भाजपा के प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा ने बताया कि पार्टी ने सभी जिलों में अपना व्यवस्थित एवं सुविधा संपन्न कार्यालय निर्माण प्रक्रिया प्रारंभ की है. इसी क्रम में 28 जुलाई मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 8 ज़िलों के नव निर्मित कार्यालय का विधिवत उद्घाटन करेंगे. प्रदीप वर्मा ने बताया कि इसमें सिमडेगा, लोहरदगा, सरायकेला- खरसांवा, चाईबासा, पलामू, रामगढ़ , गिरिडीह एवं धनबाद ज़िला के कार्यालय शामिल हैं.
उन्होंने बताया कि प्रदेश की ओर से सिमडेगा में प्रदेश मंत्री मुनेश्वर साहू, लोहरदगा में प्रदेश महामंत्री एवं सांसद समीर उरांव, सरायकेला में प्रदेश उपाध्यक्ष गंगोत्री कुजूर, चाईबासा में पूर्व मंत्री एवं विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा,पलामू में प्रदेश मंत्री विवेक भवानी सिंह एवं प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख मनोज सिंह, रामगढ़ में प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू, गिरिडीह में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री राज पालिवार और धनबाद में विधायक विरंची नारायण उपस्थित रहेंगे.
श्री वर्मा ने बताया कि नवनिर्मित कार्यालयों को पारंपरिक तरीके से सजाया जा रहा है. केले के स्तम्भ से द्वार बनाये जा रहे हैं.
प्रातः 7 बजे से हवन पूजा का कार्यक्रम प्रारम्भ होगा।जिसमें ज़िले के सांसद,विधायक,प्रदेश पदाधिकारी,प्रदेश कार्यसमिति सदस्य,पार्टी के अन्य जन प्रतिनिधि,मोर्चा के पदाधिकारी ,पार्टी के जिला के पदाधिकारी,पूर्व अध्यक्ष सहित वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल होंगे.
उन्होंने बताया कि कार्यालय परिसर में जनसंघ एवं भाजपा से जुड़े दिवंगत कार्यकर्ताओं के नाम पौधरोपण भी किया जायेगा.

