रांची: झारखंड समेत देश भर में कल (25 जनवरी) राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाएगा. राजधानी रांची समेत राज्यभर के विभिन्न जिलों में मतदाता दिवस को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी है. इस दिवस का उद्देश्य मतदाताओं विशेषकर नये मतदाताओं को प्रोत्साहन और सुविधा देने के साथ-साथ अधिक से अधिक संख्या में मतदाता सूची में उनको नामांकन के लिए प्रेरित करना है.
भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना के उपलक्ष्य में हर साल 25 जनवरी को देशभर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय समारोह में मुख्य अतिथि होंगे. इस वर्ष के राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य विषय देश के मतदाताओं को सशक्त, सतर्क, सुरक्षित और जागरूक बनाना है.

