रांची. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज झारखंड विधानसभा स्थित उनके कार्यालय कक्ष में (गांव कोल्हुआ खुर्द, पंचायत पूर्वडीहा, थाना चैनपुर) निवासी नवसैनिक दिवंगत सुरज कुमार दुबे के परिजनों ने मुलाकात की. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को दिवंगत नवसैनिक के परिजनों ने एक ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से नवसैनिक दिवंगत सूरज कुमार दूबे का अपहरण एवं हत्या की सीबीआई जांच करने का आग्रह दिवंगत के परिजनों ने मुख्यमंत्री से किया है. मुख्यमंत्री ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए यथोचित कार्रवाई का आश्वासन दिवंगत नौसैनिक के परिजनों को दिया है.
मालूम हो कि दिवंगत नवसैनिक सूरज कुमार दूबे अपने घर पलामू से वापस ड्यूटी जाने के लिए रांची से हवाई मार्ग से चेन्नई एयरपोर्ट पर पहुंचे तथा वहां से बाहर निकलने के पश्चात उनका अपहरण कर लिया गया था. दिवंगत नवसैनिक सूरज कुमार दूबे 4 दिनों के बाद 5 फरवरी 2021 को चेन्नई से लगभग 1400 किलोमीटर की दूरी पर स्थित महाराष्ट्र के पालघर जिला के घोलवड थाना क्षेत्र के जंगल में गंभीर रूप से जले हुए अवस्था में पाए गए थे. दिनांक 5 फरवरी 2021 के रात में इलाज के क्रम में उनकी मृत्यु हो गई थी.
मौके पर पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर एवं दिवंगत नवसैनिक सूरज कुमार दूबे के परिजन मिथिलेश दूबे, नीरज कुमार दूबे, पारसनाथ तिवारी, जितेंद्र दुबे, रामदेव चैरसिया एवं अमरेंद्र तिवारी उपस्थित थे

