लॉस एंजेलिस: कैलिफोर्निया में एक बेस पर रविवार को एक अमेरिकी नौसेना के जहाज पर विस्फोट होने के बाद एक बड़ी आग लग गई. अधिकारियों और स्थानीय मीडिया ने कहा कि हादसे में 21 नौसैनिक घायल हो गए.
एम्फीबियस हमलावर पोत यूएसएस बोनहोमे रिचर्ड को रखरखाव के लिए सैन डिएगो में बंदरगाह में लाया गया था, जब उसमें विस्फोट हो गया. जहाज के बड़े हिस्से से मोटा धुआं निकल रहा था.
समाचार चैनल सीएनएन द्वारा प्रसारित दृश्यों में आग को काबू करने की कोशिश के लिए पानी की बौछार की जा रही थी. फायरबोट के जरिये फायर कैनन से जहाज में पानी डाला जा रहा था.
कथित तौर पर बताया जा रहा है कि कई अग्निशमक भी हादसे में जल गए हैं और उन्होंने सांस के जरिये धुआं खींच लिया है. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है.
नौसेना के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट, यूएस पैसिफिक फ्लीट ने कहा- 17 नाविकों और चार नागरिकों को मामूली चोटें लगने की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

