पलामू: पलामू जिले के चैनपुर प्रखंड के पूर्वडीहा निवासी नेवी का जवान सूरज कुमार दुबे की मौत हो गई है. जवान पिछले 6 दिनों से लापता था. शुक्रवार की देर शाम जवान मुंबई के नाले से जख्मी हालत में मिला. जवान का शरीर पूरी तरह से जल चुका था. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गयी.
बता दें कि जवान सूरज कुमार दूबे मुंबई के पालघर से घायल अवस्था में मिला था. उसे घायलावस्था में उप जिला रुग्णालय हॉस्पिटल दहानू (पालघर जिला) में भर्ती कराया गया था. जहां डाक्टरों ने सूरज की गंभीर स्थिति को देखते उसे भारतीय नौसेना अस्पताल पोत, (अश्विनी) मुंबई में रेफर कर दिया. जहां डाक्टरों ने रात करीब 1 बजे उसे मृत घोषित कर दिया गया. अधिक जल जाने के कारण उसकी मौत होना बताया गया है.
जानकारी के अनुसार, नेवी का जवान सूरज कुमार दुबे गत 30 जनवरी को छुट्टी बिताकर ड्यूटी जॉइन करने कोयंबटूर जा रहा था. 30 जनवरी की शाम रांची से हवाई जहाज से वह हैदराबाद पहुंचा था. हैदराबाद से वह रात से गायब था.

