छत्तीसगढ़ : छत्तीसगढ़ से सुकमा-बीजापुर में हुए नक्सलियों के हमले में सुरक्षाबलों के 22 जवान शहीद हो गए हैं. इस एनकाउंटर में 9 नक्सली भी मारे गए हैं. बीजापुर जिले के एसपी कमलोचन कश्यप ने यह जानकारी दी है. बता दें कि बीजापुर जिले के तर्रेम थाना क्षेत्र के सिंगरेल और पुर्णिया के बीच के इलाके में मुठभेड़ हुई थी. इस सबके बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को फोन करके उनसे बीजापुर में हुई नक्सली घटना के संबंध में विस्तृत चर्चा की है.
मुख्यमंत्री ने गृहमंत्री से बात करते हुए कहा कि मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को हुई क्षति दुखद है लेकिन सुरक्षा बलों के हौंसले बुलंद हैं और नक्सली हिंसा के विरुद्ध यह लड़ाई हम ही जीतेंगे. वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री से कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार मिलकर इस लड़ाई को अवश्य जीतेंगे, उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से जो भी आवश्यक मदद होगी वो राज्य सरकार को दी जायेगी. उन्होंने कहा की उन्होंने सीआरपीएफ के महानिदेशक को घटना स्थल पर जाने के निर्देश दे दिए हैं.

