बालाघाट: मध्य प्रदेश में बालाघाट के जंगल में तलाशी के दौरान पुलिस पर नक्सलियों ने हमला कर दिया. जवाब में पुलिस के जवानों ने भी गोलीबारी की, जिस पर नक्सली चट्टानों की आड़ लेकर भाग निकले. नक्सली हमले में हट्टा थाना क्षेत्र की गोदरी चौकी के कांस्टेबल लोकेंद्र सिंह घायल हो गए हैं.
पुलिस ने बताया कि मुखबिर से नक्सलियों की मिल रही सूचना की तस्दीक करने गोदरी चौकी से ठाकुरटोला भानपुर के जंगल में पुलिस पार्टी को रवाना किया गया था.
शुक्रवार सुबह गोदरी चौकी से पुलिस के करीब 20 जवानों की पार्टी तलाशी के लिए जंगल गई थी. पहाड़ी के निचले हिस्से में जवान पहुंचे तो घात लगाए बैठे नक्सलियों ने हमला कर दिया. हमले में कांस्टेबल लोकेंद्र सिंह के गले में गोली लग गई.
उन्हें गोंदिया स्थित सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत में सुधार है. एसडीओपी नितेश भार्गव ने बताया कि सात पुलिस पार्टियां जंगल में तलाशी के लिए उतारी गई हैं. पुलिस जंगलों में नक्सलियों की तलाश कर रही है.
बालाघाट के एसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि नक्सलियों की मौजूदगी की खबर पर गोदरी चौकी से पुलिस पार्टी तलाशी के लिए रवाना की गई थी, जहां घात लगाकर बैठे नक्सलियों का पुलिस से सामना हो गया.
मुठभेड़ में पुलिस का एक जवान घायल हुआ है. अब वह खतरे से बाहर है. तलाशी बढ़ा दी गई है.

