छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में पुलिस का मुखबिर होने के आरोप में नक्सलियों ने एक ग्रामीण को मार डाला. सुकमा जिले के पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कामापारा गांव के मुखिया सुदाम हूंगा की नक्सलियों ने हत्या कर दी है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आज कामापारा गांव के पास हूंगा का शव मिलने की सूचना के बाद घटनास्थल के लिए पुलिस दल को रवाना किया गया था. अधिकारियों ने बताया कि पुलिस दल ने शव के पास से एक पर्चा भी बरामद किया है जिसमें नक्सलियों ने हूंगा पर पुलिस का मुखबिर होने का आरोप लगाया है.
उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि एक सप्ताह पहले नक्सलियों ने हूंगा का अपहरण कर लिया था. आज सुबह उसका शव बरामद किया गया. ऐसी जानकारी मिली है कि नक्सलियों ने हूंगा की पीट पीटकर हत्या की है. हालांकि पोस्टमार्टम के बाद इस संबंध में सही जानकारी मिल सकेगी.

