मुंगेर: बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो चुकी है. मुंगेर जिला में भी चुनाव को लेकर काफी चहल-पहल दिख रही है. सोमवार को भाजपा सांसद रामकृपाल मुंगेर विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क करने पहुंचे. महुली, शंकरपुर ,संदलपुर ,हेरू दियारा इलाके का दौरा कर लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं से रूबरू कराया.
सोमवार को रामकृपाल यादव सुबह 10:00 बजे मुंगेर विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों का दौरा करने के लिए मुंगेर परिसदन पहुंचे.जनसंपर्क अभियान के पहले उन्होंने पत्रकार वार्ता के दौरान पत्रकारों को बताया कि बिहार में इस बार पुनः एनडीए गठबंधन की सरकार बनेगी.एनडीए पूरी तरह एकजुट है.
उन्होंने विपक्ष पर चुटकी लेते हुए कहा कि विपक्ष मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहा है. एनडीए में कहीं टूट नहीं है. भाजपा लोजपा जदयू सभी साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे. हम लोगों के गठबंधन में कोई परेशानी नहीं है. उन्होंने कहा कि जनता हम लोगों को दो तिहाई नहीं इस बार तीन तिहाई बहुमत से जीताएगी. हमने काम किया है. जनता काम को पसंद कर रही है. नीतीश कुमार के नेतृत्व में हम लोग फिर से बिहार में अपनी सरकार बनाएंगे. उन्होंने कहा कि 15 साल के शासन काल में विपक्ष ने मात्र 96 हजार लोगों को नौकरियां दे पाया .हम लोगों ने 15 वर्षों में 6 लाख से अधिक नौकरियां दी. यह है हमारा विकास.
जनसंपर्क करने पहुंचे दर्जनों गांव
पत्रकार सम्मेलन के बाद रामकृपाल यादव जनसंपर्क अभियान करने निकले क्षेत्र भ्रमण के दौरान उनके साथ मुंगेर विधानसभा भाजपा के पूर्व प्रत्याशी प्रणव यादव, जिला अध्यक्ष किसान राजेश जैन, राज्य कार्यकारिणी सदस्य संजीव कुमार मंडल साथ थे .रामकृपाल यादव महुली, शंकरपुर ,संदलपुर सहित एक दर्जन से अधिक गांवों में जनसंपर्क कर आम जनता के बीच पहुंचकर जनसंपर्क किया. रामकृपाल यादव ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को बताया. साथ ही बिहार में और विकास करने की बात कही.

