बेतिया: बेतिया पश्चिमी चम्पारण वैश्विक महामारी कोविड19 से प्रभावितों की संख्या की बढ़ती रफ़्तार को देखते हुए, भारतीय रेड क्रॉस ने जागरूकता अभियान चला रखा है. रेड क्रॉस जिला शाखा- बेतिया ने लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव को जागरूक करने के लिए पोस्टर अभियान प्रारम्भ किया है.
जिला मुख्यालय बेतिया के सबसे व्यस्ततम क्षेत्रों में एक ऐतिहासिक मीना बाजार से जिला सचिव डॉ. जगमोहन कुमार, आजीवन सदस्य श्याम राज व क्षितिज व्यास ने सभी दुकानों व सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर चिपकाकर, इस अभियान की शुरुआत की है. सचिव डॉ. जगमोहन कुमार के अनुसार पोस्टर में कोरोना संक्रमण से बचाव के तीन मूल मंत्र (उपाय) प्रकाशित किया है.
पहला मास्क पहनकर ही घर से निकलें, दूसरा नियमित अंतराल पर हाथ साफ रखने के लिए साबुन व सैनिटाइजर का उपयोग करते रहें और तीसरा सामाजिक व शारीरिक दूरी का पालन करें.
उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान जारी रहेगा. सदस्यों व स्वयंसेवकों के सहयोग से टीम बनाकर दुकानों, होटल, रेस्टूरेंट, मॉल, हॉस्पीटल, क्लिनिक, धार्मिक स्थानों व सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को जागरूक करने के लिए यह छोटा पोस्टर लगाया जायेगा.

