दिल्ली: उत्तरी दिल्ली नगर निगम (NDMC) के अधीन आने वाली सभी मीट की दुकानों, रेस्टोरेंट और होटलों में पोल्ट्री उत्पाद बेचने पर पाबंदी लगाई गई है. मिली जानकारी के अनुसार, सभी मीट की दुकानों जीवित मुर्गा रखने और उनकी बिक्री व मांस की प्रोसेसिंग पैकेजिंग नहीं कर सकेंगी क्योंकि NDMC ने तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक पूरी तरह से इस पर बैन लगाया है. यह फैसला बर्ड फ्लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए लिया गया है.
एनडीएमसी ने सभी होटल व रेस्टोरेंट संचालकों को आदेश दिया है कि पोल्ट्री उत्पाद या अंडे ना परोसें वरना उचित कार्रवाई की जाएगी. क्षेत्रीय उपनिदेशक द्वारा उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उल्लंघन कर्ताओं का लाइसेंस रद्द किया जाएगा.
दिल्ली में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है. राजधानी के कई इलाकों में बर्ड फ्लू के कारण पक्षियों की मौत हुई है. दिल्ली के संजय लेक से बतखों के नमूनों की पॉजिटिव रिपोर्ट आई है. इसके बाद दिल्ली में अन्य राज्यों से आने वाले प्रोसेस्ड चिकन और लाइव स्टॉक पर भी रोक लगा दी गई है. इसके साथ ही दिल्ली की मुर्गा मंडी भी बंद है.
अभी हाल ही में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा था, ‘संजय लेक से बतखों के नमूनों की पॉजिटिव रिपोर्ट आई है. इसके कारण उस क्षेत्र को अच्छी तरह सेनेटाइज किया जा रहा है. अगर वहां बतखों के पंख फैले हों या उनका कुछ अन्य पदार्थ गिरा हो तो उससे संक्रमण न हो, इसके लिए पूरी सफाई कराई जा रही है.’
उपमुख्यमंत्री ने बताया था कि पिछले दिनों जालंधर भेजे गए 100 सैम्पल के नतीजों का इंतजार है. लेकिन दिल्ली में बर्ड फ्लू से घबराने की कोई बात नहीं है. पशुपालन इकाई, विकास विभाग के अधिकारियों को राज्य भर में सघन अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है.

