रांची: झारखंड प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष आदित्य विक्रम जायसवाल ने रविवार को खूंटी में डेवलप एग्रो टूरिज्म “द ओपेन फील्ड” का उद्घाटन किया. आदित्य जायसवाल के खूंटी के हुटार स्थित घासीबाड़ी पहुंचने पर एग्रो टूरिज्म “द ओपेन फील्ड के संचालक कुमार अभिषेक, डॉ अभय सागर मिंज, मनीषा उरांव एवं अन्य सदस्यों ने पारम्परिक तरीके से स्वागत किया. इसके बाद ढाई एकड़ में हो रही गुलाब फूल की खेती, ऑर्गेनिक सब्जी, फल की खूबसूरत उत्पाद को दिखाया और उसके बारे में विस्तृत जानकारी दी.
इस दौरान जायसवाल ने एक आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘हमारा परिवार का जुड़ाव खूंटी से बहुत पुराना रहा है, इस क्षेत्र के लिए हमारे पूर्वज ने खूंटी में पांच हजार एकड़ भूमि अंग्रेजों से ली थी ताकि इस क्षेत्र में कृषि के विकास के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में तेजी से विकास हो, इस लिहाज से हमारे हमारे परदादा राय साहब, लक्ष्मी नारायण ने खूंटी में स्कूल, कॉलेज अपने नाम से बनवाये थे’.
उन्होंने कहा कि झारखंड का इतिहास बहुत धनी है, यहां स्मार्ट सिटी नही स्मार्ट सिटीजन बनाने की जरूरत है.
जायसवाल ने कहा कि एग्रो टूरिज्म सीधे तौर पर पर्यटकों को कृषि से जोड़ता है. साथ ही यह किसानों के लिए खेती से होने वाली आय के अतिरिक्त आजीविका के नये स्त्रोत उपलब्ध कराता है.
इस अवसर पर डॉ अभय सागर मिंज ने कहा कि एग्रो टूरिज्म कृषि की गतिविधियों एवं कृषि की प्राचीन विरासत को पर्यटकों के समक्ष मनोरंजक तरीके से प्रस्तुत किया गया है. इसके तहत पर्यटकों को खेतों के बीच जाकर प्राकृतिक माहौल में फसलों एवं उनके उत्पादों को देखने एवं प्रयोग करने का अवसर मिलता है.
एग्रो टूरिज्म के तहत किसानों के खेतों में भ्रमण करने व किसानों को कृषि की आय के अतिरिक्त पर्यटकों से भी आय प्राप्त करने का अवसर प्राप्त होता है.
इस मौके पर एग्रो टूरिज्म “द ओपेन फील्ड” के संचालक कुमार अभिषेक, मनीषा उरांव ने कहा कि झारखंड ट्रेडिशनल के लिहाज से अगर कोई एग्रो टूरिज्म में घूमने आते हैं तो उनका दिल से स्वागत है, इसके साथ ही उनके खाने, रहने तक की व्यवस्था की जायेगी.
कार्यक्रम के अंत में पौधरोपण किया गया, जिसमे फलदार, छायादार वृक्ष लगाकर पानी डालकर पहली सिंचाई की गई.
इस मौके पर अमरजीत सिंह, राजीव चौरसिया, गौरव आनंद, बालेश्वर समेत अन्य लोग मौजूद थे.

