उपायुक्त तथा पुलिस अधीक्षक पहुंचे उनके आवास, दी श्रद्धांजलि
रांची. पलामू के आखिरी स्वतंत्रता सेनानी नीलकंठ सहाय का छः मुहान के पास स्थित उनके आवास में आज देहांत हो गया. वे 99 वर्ष के थे. उपायुक्त शशि रंजन तथा पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार ने नीलकंठ सहाय के आवास में अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. उक्त मौके पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी अजय सिंह बड़ाईक भी मौजूद थे.
उपायुक्त ने कहा कि नीलकंठ सहाय जी ख्याति प्राप्त तथा बहुत ही सक्रिय स्वतंत्रता सेनानी थे. उनके निधन से आज पूरा पलामू मर्माहत है. इस दुख की घड़ी में जिला प्रशासन परिवार के साथ है.
बताते चलें कि सहाय जी का जन्म 22 दिसंबर 1922 को डालटनगंज के अमलाटोली में हुआ था. उनके पुत्र अमित सहाय ने बताया कि पिताजी की तबीयत पिछले एक सप्ताह से खराब थी. उन्होंने आज दिनांक 11 मार्च 2021 को दिन के करीब एक बजे आखिरी सांस ली.
नीलकंठ सहाय जी स्वतंत्रता आंदोलन में काफी सक्रिय थे. 20 साल की उम्र में सन 1942 में अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई के वक्त रांची में गिरफ्तार हुए थे. सन 2012 में उन्हें तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के द्वारा उन्हें 90 साल की उम्र में सम्मानित किया गया था.

