रांची: कांके स्थित नीरजा सहाय डी ए वी में लॉकडाउन के दौरान छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं. इसी उद्देश्य से विभिन्न शिक्षणेत्तर क्रिया कलाप कराए जा रहे हैं.
इस क्रम में रविवार को शब्द पांडित्य (ओजपूर्ण भाषण) प्रतियोगिता का ऑनलाइन आयोजन किया गया. जिसमें छात्र – छात्राओं ने बढ़ – चढ़ कर हिस्सा लिया.
विद्यार्थियों द्वारा लक्ष्मी बाई, शहीद भगत सिंह, जवाहर लाल नेहरू, सरोजिनी नायडू व अन्य के भेष- भूषा को धारण कर उनके विचारों को प्रस्तुत किया गया.
इस प्रतियोगिता में लक्ष्मी बाई के रूप में प्रस्तुत आनंदी प्रिया एवं सरोजिनी नायडू के रूप में प्रस्तुत ज्ञाना वैष्णवी (100/120) ने संयुक्त रूप में प्रथम स्थान प्राप्त किया.
सहमत खान की भेष – भूषा में उपस्थित प्रेरणा सिंह (98.5) दूसरे स्थान पर रही. वहीं महात्मा गांधी की धर्मपत्नी कस्तूरबा गांधी की भेष – भूषा में प्रस्तुत कर अनुष्का प्रिया एवं रानी लक्ष्मी बाई की भूमिका में प्रस्तुत सुगंधा कुमारी संयुक्त रूप से (97) तृतीय स्थान पर रहीं.
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका अलका कीर्ति ने मंच संचालन किया एवं घटा गिरी, सुनीता साव एवं दुष्यंत सिंह निर्णायक मंडली के सदस्य रहे. इस अवसर पर विद्यालय की वरीय शिक्षिका वीणा सिन्हा एवं प्रधानाचार्य तरुण कुमार मिश्रा भी मुख्य संयोजक के रूप में उपस्थित रहे.
प्रधानाचार्य तरुण कुमार मिश्रा ने सभी प्रतियोगियों एवं विजेताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकमनाएं दी.

