-
किसानों के खेतों में पटवन को ले अंजनवा नहर निर्माण में अनियमितता बरते जाने का मामला
चतरा: चतरा के मयूरहंड प्रखंड के किसनों के खेतों में पटवन को ले कराए जा रहे अंजनवा नहर निर्माण का निरीक्षण करने पहुंचे सिमरिया विधायक घटिया निर्माण को देख भड़क गए.
घटिया निर्माण कार्य देख सिमरिया विधायक किशुन कुमार दास ने नाराजगी जताते हुए सरकार से दोषी कार्य एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है.
उन्होंने कहा है कि महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अगर स्थिति में सुधार नहीं हुआ और खराब कामों को दुरुस्त नहीं किया गया तो उन्होंने सीएम से मिलकर मामले से अवगत कराते हुए एजेंसी को ब्लैकलिस्टेड करने की भी बात कही.
विधायक ने कहा कि क्षेत्र के किसानों के उद्धार को ले कराए जा रहे इस महत्वाकांक्षी अंजनवा नहर योजना निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग हो रहा है.
जीवन मे पहली बार पूर्ण रूप से घटिया निर्माण कार्य मयूरहंड प्रखंड में देखा. इसकी लिखित शिकायत जलसंसाधन विभाग के सचिव से करेंगे तथा माननीय मुख्यमंत्री से मिलकर उच्च कमिटी गठित कर जांच करवाते हुए संवेदक की कंपनी को ब्लैक लिस्टेड कराएंगे. इतना ही नहीं विधायक ने घटिया निर्माण कार्य को हटाते हुए पुनः निर्माण कराने की बात कही है.
दरअसल, बताते हैं कि चित्र जिले के मयूरहंड प्रखंड के अंजनवा नहर से छः पंचायतों के किसानों की खेत तक सिंचाई के निमित्त जल भेजने की योजना है.
किसानों के खेत मे जल भेजने के लिए नहर पक्कीकरण का कार्य करोड़ो रूपये के लागत से लॉर्ड इन्फ्रा कंपनी कर रही है. वहीं ग्रामीणों द्वारा कई बार निर्माण कार्य के गुणवत्ता में सुधार करने की मांग की गई, किंतु इस दिशा में कोई भी ध्यान नहीं दिया गया.

