रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि केंद्रीय गृहमंत्रालय ने लॉकडाउन में कुछ दुकानों को छूट देने का निर्णय लेने के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किया है, लेकिन झारखंड सरकार ने निर्णय लिया है कि तीन मई तक राज्य में लॉकडाउन से कोई नयी छूट नहीं दी जाएगी. जो आवश्यक सेवाओं और किराने की दुकानें खुल रही है, वहीं दुकानें खुली रहेगी.
मुख्यमंत्री सोमवार को राजधानी रांची स्थित झारखंड मंत्रालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे.
केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करेंगे
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बताया कि लॉकडाउन को लेकर केंद्र सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह से पालन किया जाएगा. उन्होंने बताया कि इंटर स्टेट मूवमेंट पर केंद्र सरकार की ओर से रोक लगाया गया है और जब तक इस रोक को हटा नहीं लिया जाता है, तब तक राज्य सरकार बाहर में फंसे प्रवासी श्रमिकों, छात्र-छात्राओं को वापस लाने को लेकर इंतजार करेंगे.

