पटना: गुजरात के हीरा व्यवसायी की बेटी और पटना के कदमकुआं के दिव्यांग युवक की शादी के मामले में नया मोड़ आ गया है. राज्य के निःशक्तता आयुक्त ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. आयुक्त गुरूवार को दिव्यांग युवक के परिवार से मिले और पूरे मामले की जानकारी ली. साथ ही साथ पटना के कदमकुआं थाने से पूरे मामले की जानकारी ली.
पूरे मामले में एफआईआर दर्ज करने का निर्देश भी कदमकुआं थाना प्रभारी को दिया है. निःशक्तता आयुक्त ने यह भी कहा कि आज ही गुजरात पुलिस को नोटिस जारी होगा. अब पूरे मामले की निःशक्तता आयुक्त के कोर्ट में सुनवाई होगी. उन्होंने कहा कि दिव्यांग युवक को इंसाफ दिलाने के लिए हरसंभव कोशिश राज्य सरकार अपनी ओर से करेगी.
उधर, दिव्यांग के परिवारवाले भी कदमकुआं थाना पहुंचे. इन लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. इन लोगों ने राज्य के मुख्यमंत्री से दिव्यांग युवक को इंसाफ दिलाने की गुहार लगाई है. साथ ही कहा कि हम लोगों को धमकियां दी जा रही हैं. हम लोगों के पास इतने पैसे नहीं हैं कि हमलोग गुजरात जाकर उसकी जमानत कराएं. परिवार वालों ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि दिव्यांग युवक को इंसाफ दिलाने के लिए हरसंभव उपाय करें.

