दिल्ली: निर्भया कांड के चारों दोषियों की फांसी के लिए तीसरा डेथ वारंट जारी किया जा चुका है. निर्भया गैंगरेप के दोषियों को फांसी पर चढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है. तिहाड़ जेल प्रशासन के सूत्रों के मुताबिक दोषियों के परिवारवालों को एक चिट्ठी लिखी गई है. जेल प्रशासन ने अपने पत्र में लिखा कि दोषियों को 3 मार्च की सुबह 6 बजे फांसी पर लटकाया जाएगा. इससे पहले परिवार अंतिम मुलाकात कर सकता है. जेल प्रशासन के इस पत्र के बाद से किसी भी रिश्तेदार की ओर से कोई जवाब नहीं आया है.
तिहाड़ जेल प्रशासन एक बार फिर से फांसी से पहले की सभी प्रक्रियाओं को पूरा करने में जुट गया है.
इसके तहत अब जेल प्रशासन ने चारों दोषियों को आधिकारिक पत्र लिखकर परिजनों से आखिरी मुलाकात के समय के बारे में जानकारी मांगी है.
मुकेश और पवन पहले ही कर चुके हैं मुलाकात
तिहाड़ जेल प्रशासन ने चारों दोषी मुकेश, पवन, अक्षय और विनय को पत्र लिखा है. इसमें उन्होंने मुकेश और पवन को लिखित में अवगत कराया है कि वो पिछले डेथ वारंट के दौरान परिजनों से अपनी आखिरी मुलाकात कर चुके हैं.
इसी तरह उन्होंने अक्षय और विनय से परिजनों से आखिरी मुलाकात करने की तारीख और समय की जानकारी मांगी है.
उनके बताने के बाद जेल प्रशासन उनकी परिजनों से आखिरी मुलाकात का प्रबंध करेगा.

