बख्तियारपुर/पटना: भाजपा के वरिष्ठ नेता और लोकप्रिय सामाजिक कार्यकर्ता अशोक कुमार सिंह ने कहा है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बेहतर सुशासन देने में सफल रही है. नीतीश कुमार के शासनकाल में सबको न्याय मिला और सबका विकास हुआ है. उनकी कथनी और करनी में अंतर नहीं है. चुनाव पूर्व जनता से उन्होंने जो वादे किए थे, उसे शत-प्रतिशत पूरा किया. नीतीश कुमार ने सबके साथ न्याय और सबका विकास के सिद्धांतों पर चलते हुए राज्य के चहुंमुखी विकास की गति तेज करने के लिए ठोस कदम उठाए.
सिंह ने बातचीत के क्रम में कहा कि विगत 15 वर्षों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में बिहार का सर्वांगीण विकास संभव हो पाया है. युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों, वृद्धजनों सहित सभी तबके के लिए कल्याणकारी योजनाएं बनाकर उसे अमलीजामा पहनाने की दिशा में उन्होंने पहल की. नीतीश बिहार के अब तक के सबसे सफल मुख्यमंत्री रहे हैं.
सिंह ने कहा कि वर्ष 2005 के पूर्व बिहार की छवि जंगल राज के रूप में स्थापित हो गई थी. नीतीश कुमार ने सत्ता संभालने के बाद बिहार में कानून का राज स्थापित किया. बेहतर विधि-व्यवस्था व सुशासन देने की दिशा में नया कीर्तिमान बनाया. परिणामस्वरूप बिहार में विकास का पहिया तेजी से घूम रहा है. सामाजिक समरसता बनाए रखते हुए सभी समुदायों के सर्वांगीण विकास के लिए नीतीश प्रयासरत हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने दिख रहा है.
वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के खिलाफ जारी जंग में बिहार सरकार महत्वपूर्ण सहभागिता निभा रही है. कोरोना के बढ़ते संक्रमण के कारण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दूरदर्शिता का परिचय देते हुए पुनः लाॅकडाउन लागू करने की घोषणा की. श्री सिंह ने कहा कि बिहार में शायद ही कोई ऐसा घर हो जो नीतीश कुमार की योजनाओं से लाभान्वित नहीं हुआ हो.
उन्होंने कहा कि विकास पुरुष और सुशासन बाबू के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बिहार की जनता का व्यापक समर्थन प्राप्त है. आनेवाले दिनों में बिहार की जनता उनके कार्यों के आधार पर भाजपानीत गठबंधन की सरकार को एक बार फिर सत्ता संभालने का अवसर प्रदान करेगी.

