नई दिल्ली: कृषि कानूनों को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर मोदी सरकार पर निशाना साधा है. कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि अगर इच्छा शक्ति होती तो समाधान के लिए एक ही बैठक काफी है. इसके लिए 56 इंच की छाती नहीं सीने में दिल चाहिए. सुरजेवाला ने सवाल किया कि कृषि मंत्री कह रहे हैं कि 2 बैठकों के बाद भी कृषि कानूनों पर कोई नतीजा नहीं निकला, क्या गिनती जोड़ रहे थे?
रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट करते हुए कहा, “कृषि मंत्री कह रहें हैं 12 बैठकों के बाद भी काले क़ानूनों पर कोई नतीजा नही निकला! क्या गिनती जोड़ रहे थे. समाधान के लिए 1 ही बैठक काफी है, इच्छा शक्ति हो तो. 56 इंच की छाती नही सीने में दिल चाहिए. जय किसान, जय हिंदुस्तान! #धोखेबाजों_से_सावधान #किसान_एकता_ज़िंदाबाद.”
अपने एक दूसरे ट्वीट में उन्होंने कहा, “गांव भाना, कैथल, हरियाणा के 55 वर्षीय बलदेव सिंह ढुल ने #किसान_आंदोलन में क़ुर्बानी दी. कितनी और क़ुर्बानी लेगी मोदी सरकार? क्या खट्टर साहेब का दिल नहीं पसीजता? कहाँ है निर्दयी दुष्यंत चौटाला और जजपा? ईश्वर सब देख रहा है, भाजपा-जजपा को सजा भुगतनी होगी.”
कांग्रेस ने हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर से इस्तीफे की मांग की. कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन से जुड़े ‘कुछ किसान नेताओं को मारने की साजिश’ मामले की निष्पक्ष जांच के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को इस्तीफा देना चाहिए और राज्य सरकार को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए. पार्टी प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने किसानों के आंदोलन स्थल से एक युवक के पकड़े जाने और उससे जुड़े वीडियो सामने आने का हवाला देते हुए यह मांग की.

